words per minute

19

pdubey


00:00

Speed

बजते ही स्कूल से छूटे ढेर सारे बच्चों की खिली हुई आवाज से मन ऐसे प्रसन्न हो उठता है जैसे शाम को घर लौटती चिड़िया का चहकते, शोर करते झुंड को देखना। मैं घर के एकदम पास स्थित सरकारी स्कूल की बात कर रहा हूं। चिल्ला गांव का स्कूल। लगभग तीन हजार बच्चे पॉश कॉलोनियों के बीचों-बीच। लेकिन इसमें इन सोसाइटियों का एक भी बच्चा पढ़ने नहीं जाता। इसके प्रधानाध्यापक ने एक दिन मुझे खुद बताया था कि ‘बीस-तीस हजार की आबादी वाली सोसाइटियों का एक भी बच्चा, कभी भी इस सरकारी स्कूल में नहीं पढ़ा।’ असमानता के ऐेसे द्वीप हर शहर में बढ़ रहे हैं। उनके लिए अलग और आभिजात्य बेहद महंगे स्कूल हैं। इनमें कई स्कूल किसी कंस्ट्रक्शन कंपनी या बिल्डर के हैं। दरअसल, ऐसे सभी निजी स्कूल ऐसे ही मालिकों के हैं। पुराने धंधों की बदौलत एक नया धंधा स्कूल का, जो अब पुराने सारे धंधों से ज्यादा चमकार लिए है। खैर, मेरे अंदर सरकारी स्कूल से छूटे बच्चों की खिलखिलाहट हिलोरे ले रही थी। पूरी सड़क भरी हुई। बच्चे-बच्चियां दोनों। पैदल चलता अद्भुत रेला। कुछ बस स्टैंड की तरफ बढ़ रहे थे तो कुछ चिल्ला गांव की तरफ। जब से मेट्रो ट्रेन आई है, पास के मुहल्ले अशोक नगर और नोएडा तक के बच्चे इस सरकारी स्कूल में लगातार बढ़ रहे हैं। यमुना के खादर में बसे उत्तर प्रदेश और बिहार के मजदूरों का एकमात्र सहारा भी है यह सरकारी स्कूल। जिस स्कूल को यहां आसपास की संभ्रांत कॉलोनियों के बाशिंदे गंदा और बेकार मानते हैं, चिल्ला गांव खादर के बच्चों के लिए इस स्कूल का प्रांगण बहुत महत्त्व रखता है। स्कूल ही वह जगह है, जहां वे खेल पाते हैं। चीजों की कीमत वे जानते हैं, जिन्हें मिली हो। भूख हो या नींद या जीवन की दूसरी सुविधाएं।
words per minute
0
wpm
accuracy
0%
Text Practice - Time 559 - English

words per minute