words per minute
7
armaan657
00:00
Speed
यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के सरकार के प्रयास जारी रहने के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को अपने मंत्रालय की परामर्श समिति की बैठक में विभिन्न दलों के सांसदों के साथ युद्धग्रस्त देश की स्थिति को लेकर चर्चा की और विपक्षी दलों ने वहां से भारतीयों की निकासी के प्रयासों को लेकर एकजुटता व्यक्त की। जयशंकर की अध्यक्षता में मंत्रालय की परामर्श समिति की बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, आनंद शर्मा, शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी, राजद के प्रेमचंद्र गुप्ता, भाजपा के जीवीएन नरसिंह राव आदि ने हिस्सा लिया। इसमें विदेश मंत्री जयशंकर के अलावा मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने यूक्रेन की स्थिति और वहां से भारतीयों को वापस लाने के सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। जयशंकर ने बैठक के बाद ट्वीट किया, यूक्रेन के घटनाक्रम पर विदेश मंत्रालय की परामर्श समिति की बैठक अभी समाप्त हुई। इस मुद्दे से जुड़े रणनीतिक और मानवीय आयामों पर अच्छी चर्चा हुई। उन्होंने कहा, यूक्रेन से सभी भारतीयों को वापस लाने के प्रयास के पक्ष में मजबूत एवं सर्वसम्मत संदेश। बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ट्वीट किया, यूक्रेन के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय से संबंधित परामर्श समिति की बैठक हुई। समग्र जानकारी और हमारे सवालों एवं चिंताओं का सटीक जवाब देने के लिए एस जयशंकर और उनके साथियों को धन्यवाद करता हूं। यही भावना है जिस पर विदेश नीति चलनी चाहिए। उन्होंने कहा, छह राजनीतिक दलों के नौ सांसदों ने बैठक में हिस्सा लिया। कांग्रेस से राहुल गांधी, आंनद शर्मा और मैं इसमें शामिल हुए। सौहार्दपूर्ण माहौल में खुलकर चर्चा हुई। थरूर ने कहा, यह इस बात का स्मरण कराता है जब राष्ट्रीय हित की बात आती है तो हम सभी पहले भारतीय हैं। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद ने कहा, मैंने मीडिया की ओर से किए गए टिप्पणी के आग्रह को ठुकरा दिया क्योंकि बैठक गोपनीय थी। थरूर ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि इस मुद्दे पर सामान्य स्थिति के मुकाबले ज्यादा विस्तृत बयान जारी किया जाए। कांग्रेस नेता ने कहा, रचनात्मक भावना के साथ बैठक हुई और सभी दल इसको लेकर एकजुट थे कि हमारे नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जाना चाहिए।
वहीं, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने ट्वीट में कहा, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर की अध्यक्षता में परामर्श समिति की बैठक में हिस्सा लिया। विदेश सचिव ने यूक्रेन की स्थिति और वहां से भारतीयों को वापस लाने के सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, जानकारी देने के लिए उन्हें धन्यवाद तथा हमारे छात्रों को देश वापस लाने के प्रयासों में सभी एकजुट हैं। इस समिति का मुख्य उद्देश्य सरकार के कार्यक्रमों, नीतियों एवं उनके अनुपालन के बारे में मंत्रियों, सांसदों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अनौपचारिक चर्चा करने का मंच प्रदान करना है।